सेक्टर-37 और सेक्टर-99ए के सबस्टेशन दिसंबर तक शुरू करने की योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। इस साल के अंत तक सेक्टर-37 और सेक्टर-99ए के दो बिजली सबस्टेशन चालू हो जाएंगे। इससे शहर को बिजली संबंधित समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
सेक्टर-37 के औद्योगिक इलाकों पेस सिटी 1, 2 और उद्योग विहार फेज-छह के लोगों को बिजली संबंधित समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा। साथ ही द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर-99ए की सोसाइटियों व धनकोट आदि के लोगों को भी बिजली संकट से राहत मिलेगी। इस इलाके की सोसाइटियों के केबल दूरदराज से आने के कारण फॉल्ट की स्थिति में कई दिनों तक बिजली नहीं रहती है और सोसाइटियों का काम जेनसेट आधारित बिजली से चलता है।
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने इस साल के अंत तक सेक्टर-99ए में 220 केवी के सबस्टेशन को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। करीब 52 करोड़ की लागत से बन रहे इस सबस्टेशन की मदद से सेक्टर-99ए और इसके आसपास की सोसाइटियों को बिजली मिलेगी। पहले के लक्ष्य के अनुसार इसे जुलाई के अंत तक तैयार हो जाना चाहिए था मगर पिछले साल नवंबर में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एनजीटी के आदेश के उल्लंघन पर निर्माण कार्य बंद करा दिया था। ग्रैप के नियमों की अवहेलना कर निर्माण कार्य करने के आरोप लगाए गए थे और 16 लाख रुपये जुर्माना भी लगाया था। बाद में सील खोली गई। अधिकारियों के मुताबिक इस कारण निर्माण कार्य में देरी हुई। इससे शुरू होने से सेक्टर-99ए, सेक्टर-102 की सोसाइटियों, धनकोट आदि इलाके को लाभ मिलेगा। अभी यहां सेक्टर-107 के सबस्टेशन से बिजली मिल रही है।
सेक्टर-10 के सबस्टेशन का लोड कम होगा
सेक्टर-37 में बन रहे 66 केवी सबस्टेशन के चालू होने से सेक्टर-10 के सबस्टेशन का लोड कम होगा। एसडीओ पूनम चंद ने बताया कि इसे दिसंबर के अंत तक चालू कर दिया जाएगा। इस सबस्टेशन को 22 करोड़ रुपये के खर्च से बनाया गया है। सेक्टर-37 में स्थित न्यू गुरुग्राम की सोसाइटियों, सेक्टर-37 पेस सिटी 1, पेस सिटी 2, उद्योग विहार फेज-6 के औद्योगिक इलाके और सेक्टर-10 के कुछ हिस्से को भी इससे बिजली मिलेगी।
दोनों सबस्टेशनों को दिसंबर तक शुरू करने की योजना है। अगर कोई बाधा आई तो ज्यादा से ज्यादा अगले साल मार्च तक इन्हें निश्चित रूप से चालू कर दिया जाएगा। सेक्टर-37 में 66 केवी और सेक्टर-99 में 220 केवी का सबस्टेशन बन रहा है।
- टीएस राघव, एसई, एचवीपीएन