गुरुग्राम। जिले से उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न रूटों पर जाने वाली रोडवेज बसों के संचालन बंद कर दिया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए परिवहन निगम ने यह निर्णय लिया है। वहीं किलोमीटर स्कीम वाली बसों को भी फिलहाल रोका गया है, क्योंकि इससे परिवहन विभाग को काफी नुकसान हो रहा था।
गुरुग्राम बस डिपो से उत्तराखंड के हरिद्वार, देहरादून और हल्द्वानी, उत्तर प्रदेश के मथुरा, आगरा और बुलंदशहर और राजस्थान में जयपुर तक रोडवेेज बसें चलाई जा रही थीं। उत्तराखंड में जाने वाली बसों के चालक-परिचालकों सहित सवारियों की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट की शर्त के कारण उत्तराखंड के बॉर्डर तक बसें चल पा रही थीं। वहीं 50 फीसदी सवारियां बैठाने के आदेश जारी हुए थे। जिस कारण रोडवेज विभाग को काफी नुकसान हो रहा था। लॉकडाउन लगने के बाद से ही इन राज्यों में रोडवेज बसों का संचालन बंद करने का निर्णय लिया गया। गुरुग्राम बस डिपो के महाप्रबंधक कुलबीर सिंह ढाका का कहना है कि दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों से राजस्व नहीं मिल रहा था, वहीं लॉकडाउन लगने से भी बसों के संचालन में परेशानी आ रही थी, जिस कारण फिलहाल दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों को बंद कर दिया गया है। स्थिति सामान्य होने पर दोबारा शुरू किया जाएगा।