अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम/सोहना। शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत हो गई। पहले मामले में स्कूटी सवार महिला को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सोमवार रात को गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की बस ने कुचल दिया। वहीं दूसरे हादसे में सोहना में खुटपुरी मोड़ के पास तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर हुए हादसे में स्कूटी पर सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ज्योति पार्क निवासी कनिका अरोड़ा के रूप में हुई है। कनिका गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित एक कंपनी में काम करती थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब नौ बजे वह अपनी शिफ्ट खत्म करने के बाद स्कूटी से अपने घर के लिए निकली थी। जैसे ही वह सेक्टर-65 में वर्ल्ड मार्क माल के सामने पहुंची, तभी एक अनियंत्रित सिटी बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती बस के नीचे आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग गया। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए बस को जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
सोहना में खुटपुरी मोड़ के पास तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। मृतक की पहचान गांव हाजीपुर निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है।परिजनों की शिकायत पर सोहना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के छोटे भाई सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई मनोज कुमार सोमवार को मोटरसाइकिल से गांव हाजीपुर से खुटपुरी मोड़ की तरफ जा रहा था। जब वह मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो खुटपुरी गांव की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर सोनू मौके पर पहुंचा और घायल भाई को उपचार के लिए सोहना सरकारी अस्पताल लेकर गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज को मृत घोषित कर दिया।