विपुल वर्ल्ड सोसाइटी के सामने हुआ हादसा, दोस्त की बाइक से युवती के साथ जा रहा था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में वाटिका चौक के पास शनिवार देर शाम विपुल वर्ल्ड सोसाइटी के सामने ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल बाइक सवार को अस्पताल में पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक मौके से गाड़ी को लेकर भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।
बताया जा रहा है कि सोनीपत के आर्य नगर निवासी राहुल (20) दोस्त की अजय बाइक लेकर जा रहे थे। और उस दौरान बाइक पर युवती भी सवार थी जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस इस बारे में कुछ नहीं बता रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच अधिकारी नवीन ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने वाले ट्रक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। तभी हादसे के बारे में सही जानकारी मिल सके। अजय और संबंधित युवती के बयान दर्ज किए जाएंगे।
राहुल वर्तमान में सेक्टर-37 स्थित अंजना कॉलोनी में अपनी मौसी के पास रहते थे और एक निजी कंपनी में काम करते थे। शनिवार देर शाम 7: 30 बजे राहुल बुलेट बाइक से रहे थे। इसी दौरान विपुल वर्ल्ड सोसाइटी के सामने ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे राहुल सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहिये के नीचे आ गए। ट्रक को लेकर चालक मौके से लेकर भाग गया। राहगीरों ने घायल राहुल को नजदीक के अस्पताल में पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।