डीटीपी ने फर्रुखनगर तहसील के गांवों में की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला योजनाकार विभाग की प्रवर्तन शाखा ने बृहस्पतिवार को बड़े स्तर पर अवैध काॅलोनियों में बुलडोजर चलाया। टीम ने सुल्तानपुर, मुबारिकपुर, फर्रुखनगर एवं कालीवास क्षेत्र में आठ अनधिकृत कॉलोनियों में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
डीटीपी प्रवर्तन मनीष यादव ने बताया कि गांव सुल्तानपुर की राजस्व संपदा में लगभग 33 एकड़ क्षेत्रफल में बनी तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। इसमें एक दुकान, दो डीपीसी, 150 मीटर ईंट की बाउंड्रीवाल, 300 आरएमसी प्रीकास्ट सीमेंट की दीवार एवं 800 मीटर सड़क को ध्वस्त किया। वहीं गांव फर्रुखनगर की राजस्व संपदा में लगभग 3.5 एकड़ क्षेत्रफल में बनी तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। जिसमें 35 डीपीसी (नींव) और एक निर्माणाधीन भवन शामिल है।
वहीं, मुबारिकपुर गांव की राजस्व संपदा में बनाई गई एक अवैध कॉलोनियों में से लगभग एक एकड़ में बने तीन डीपीसी और एक दुकान को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा कलिवास गांव की राजस्व संपदा में बनाई गई एक अनधिकृत कॉलोनियों में कार्रवाई की गई। इसमें एक एकड़ में बने 5 डीपीसी और एक मकान को ध्वस्त किया गया। लोगों के विरोध को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस मौजूद रही। मनीष यादव ने लोगाें से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई को ऐसी अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। जमीन/प्लॉट खरीदने से पहले किसी भी जांच के लिए डीटीपी कार्यालय से संपर्क करें। इस दौरान एटीपी दिनेश सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।