फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: जेल चौक पर अवैध झुग्गियों पर चला बुलडोजर

विज्ञापन
विज्ञापन
लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद जीएमडीए-एचएसवीपी व पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और पुलिस विभाग ने जेल चौक क्षेत्र में संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान जीएमडीए के सड़क नेटवर्क और एचएसवीपी की भूमि पर बनी अवैध झुग्गियों को हटाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई निवासियों, बाजार संघों और सोशल मीडिया पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद हुई।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के तहत करोड़ों रुपये मूल्य की एचएसवीपी भूमि को खाली कराया गया। लंबे समय से अतिक्रमण के कारण प्रभावित सड़क क्षेत्र को बहाल किया गया। इससे जेल चौक के आसपास यातायात व्यवस्था में सुधार और शहरी वातावरण बेहतर होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को बताया कि अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही थीं। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ बच्चे मामूली दुर्घटनाओं या चोटों का बहाना बनाकर वाहन चालकों से पैसे मांगते थे। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन, चोरी और लूट जैसी घटनाओं को लेकर भी निवासियों ने चिंता जताई।
विज्ञापन

अभियान के दौरान यह भी पाया गया कि गुरुग्राम नगर निगम द्वारा बनाए गए रैन बसेरों पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था और मवेशियों को रखने के लिए किया जा रहा था। प्रशासन ने रैन बसेरों से अतिक्रमण हटाते हुए नगर निगम से इन सुविधाओं को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है। जीएमडीए के जिला नगर योजनाकार आरएस बाठ ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। विभिन्न विभागों के समन्वय से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर जहां भी अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन

-
सड़कों और खाली प्लॉटों से हटाया जा रहा है कचरा
बादशाहपुर। नगर निगम के वार्ड 21 में आम नागरिकों को गंदगी और धूल-मिट्टी से निजात दिलाने के लिए स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत वार्ड की मुख्य सड़कों, गलियों और लंबे समय से खाली पड़े प्लॉटों में जमा कूड़े-कचरे व मलबे को पूरी तरह से साफ किया जा रहा है। खाली प्लॉटों और सड़कों के किनारे लोग निर्माण सामग्री या कचरा फेंक देते हैं ,जिससे न केवल आवागमन में बाधा आती है बल्कि बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने सड़कों के किनारे और खाली मैदानों में जमा पड़े अवैध मलबे व भारी निर्माण सामग्री को हटाने के लिए जेसीबी का सहारा लिया। जेसीबी के जरिये इस मलबे को उठाकर लगातार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरा जा रहा है जिसे यहां से ले जाकर निगम द्वारा निर्धारित किए गए निश्चित स्थान पर डाला जा रहा है। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें