भोड़ाकलां, खरखड़ी और जमालपुर गांव के राजस्व संपदा कह जमीन को कराया खाली
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना अनुमति के काटी जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में नगर योजनाकार विभाग ने भोड़ाकलां, खरखड़ी और जमालपुर गांव के राजस्व संपदा (रेवेन्यू एस्टेट) में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। बिलासपुर थाना पुलिस के सहयोग से चलाए गए इस अभियान के दौरान करीब 7.75 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया।
भोड़ाकलां गांव की राजस्व संपदा में करीब 1.5 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए यहां बनाए गए चार डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) और तीन बाउंड्री वॉल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा, कॉलोनी के भीतर बिछाए गए पूरे कच्चे रास्तों (मिट्टी की सड़कों) के नेटवर्क को उखाड़ फेंका गया। खरखड़ी गांव की राजस्व संपदा में करीब 1.25 एकड़ क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण पर पीला पंजा चला। यहां पांच डीपीसी/बाउंड्री वॉल और दो निर्माणाधीन ढांचों (स्ट्रक्चर्स) को जमींदोज किया गया। यहां भी आंतरिक रास्तों के लिए बनाए गए कच्चे रोड नेटवर्क को जेसीबी की मदद से उखाड़ दिया गया।
वहीं, जमालपुर गांव में करीब पांच एकड़ के विशाल भूभाग पर अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो डीपीसी/बाउंड्री वॉल और एक निर्माणाधीन ढांचे को पूरी तरह ढहा दिया। साथ ही, सड़कों के लिए तैयार किए गए पूरे रास्ते को नष्ट कर दिया गया।