अवैध रूप से बनाई गई पहली मंजिल की किया ध्वस्त
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध रखता है लिपिन
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। जिला नगर योजनाकार विभाग की एनफोर्समेंट टीम ने बृहस्पतिवार की सुबह गैंगस्टर लिपिन के पटौदी भूडका स्थित घर की पहली मंजिल पर बुलडोजर चला तोड़फोड़ की कार्रवाई की। पहला फ्लोर अवैध रूप से6 बना हुआ था। ग्राउंड फ्लोर कंट्रोल्ड एरिया से पहले का बना हुआ था।
तोड़-फोड़ की यह कार्रवाई एसीपी पटौदी हरिंदर कुमार की देखरेख में हुई। एसीपी ने बताया कि लिपिन लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध रखता है। लिपिन और परिवार के अन्य सदस्यों पर आपराधिक गतिविधियों से संबंधित करीब 20 मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या से लेकर कई जघन्य अपराध शामिल हैं। अवैध निर्माण को लेकर विभाग की तरफ से कारण बताओ नोटिस और रेस्टोरेशन के आदेश जारी किए गए थे। जब संतोषजनक जवाब नही मिला तो बृहस्पतिवार को तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।
बता दें कि इससे पहले भी हुडा और जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए गैंगस्टर सूबे सिंह व गैंगस्टर कौशल के मकान पर तोड़-फोड़ की कार्रवाई की गई थी।