गुरुग्राम। साहब! बुजुर्ग दंपती से सीएचडी डेवलेपर्स ने फिक्स डिपोजिट के नाम पर करीब 43 लाख रुपये ठग लिए। इन रुपयों से बिल्डर लग्जरी लाइफ जी रहा है। बिल्डर न तो उनके रुपये वापस कर रहा है और न ही उनकी ईमेल, नोटिस का कोई जवाब दे रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-21सी फरीदाबाद निवासी बुजुर्ग विजेंद्र कुमार ने बताया कि सीएचडी डेवलेपर्स ने उनसे एक फिक्स डिपोजिट योजना बताकर करीब 43 लाख रुपये का निवेश कराया। डेवलेपर्स ने उन्हें एक साल बाद मूल राशि और ब्याज के अलग-अलग चेक दे दिए। साल 2019 में जब उन्होंने यह चेक अपने बैंक खाते में जमा कराए तो यह बाउंस हो गए। इस पर उन्होंने कंपनी के प्रबंध निदेशक गौरव मित्तल से गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित कार्यालय पर मुलाकात की तो उन्होंने एक महीने बाद पेमेंट देने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया।
आरोप है कि गौरव अब न तो उनकी ईमेल का जवाब दे रहा है और न ही उनके रुपये वापस कर रहा है। उन्होंने इसकी शिकायत फरीदाबाद पुलिस आयुक्त को नवंबर 2019 में दी। फरीदाबाद पुलिस ने मामले में शिकायत को 14 सितंबर को गुरुग्राम भेज दिया। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।