गुरुग्राम। जिले में ‘मेरी फसल, मेरा ब्यौरा‘ पोर्टल के माध्यम से बाजरे की फसल बेचने के लिए 15597 किसानों ने पंजीकरण कराया। उन्होंने 67550 एकड़ भूमि पर बाजरे की फसल होने की जानकारी दी है। वहीं, जिले में 16044 किसानों ने 72105 एकड़ भूमि पर अन्य फसल होने का पंजीकरण कराया।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक आत्माराम गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों की खरीफ की फसल को जोखिममुक्त बनाने के लिए इस योजना की शुरूआत की है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदा के दौरान उन्हें सही समय पर सहायता उपलब्ध करवाना है। इसके साथ ही किसानों की सुविधा के लिए इस पोर्टल पर किसानों को कृषि संबंधी सभी जानकारियां भी दी जाती है।
उन्होंने बताया कि जिला के पटौदी में सबसे अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है। पटौदी में 5639, फर्रुखनगर में 4907, मानेसर में 2508, सोहना में 2188, हरसरू में 460, बादशाहपुर में 66, कादीपुर में 70 एकड़ भूमि के लिए स्वयं का रजिस्ट्रेशन करवाया है। उन्होंने बताया कि अन्य फसलों के सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन पटौदी के 5768 किसानों ने किया है। इसी प्रकार फर्रुखनगर के 5108 किसानों, मानेसर में 2514 किसानों, सोहना के 2279 किसानों, कादीपुर के 24, बादशाहपुर के 69 और गुरुग्राम में तीन किसानों ने पंजीकरण कराया।