गुरुग्राम। बिलासपुर थाना पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मुंबई से दिल्ली के लिए ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने तस्करी से जुड़े जीजा और साली को गिरफ्तार करके एक दिन की पुलिस की पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस को दिल्ली के रहने वाले तस्कर और मौके से फरार हुए ट्रक चालक की तलाश है। पुलिस ने आरोपियों से ट्रक व 64 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद कर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिलासपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार को सूचना मिली कि ट्रक में भारी मात्रा में गांजा दिल्ली में आपूर्ति के लिए इस क्षेत्र से होता हुआ जा रहा है। जिस पर पुलिस टीम ने पुराने टोल प्लाजा के पास अपना जाल बिछाया। पुलिस को देखकर ट्रक चालक ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक में सवार एक व्यक्ति व महिला को काबू कर लिया। ट्रक में अलग-अलग बैगों में भरा कुल 64 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद हुआ। ट्रक से पकड़े गए आरोपी की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी मोहम्मद जाहिर के रूप में हुई, जबकि युवती भी दिल्ली त्रिलोपुरी की रहने वाली है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ट्रक व इसमें भरा गांजा इनके साथियों ने पूना (महाराष्ट्र) से दिल्ली ले जाने के लिए दिया था। इससे पहले भी वह इसकी तस्करी कर चुके हैं। मास्टरमाइंड उनको केवल पुलिस को संदेह न हो इस बात के लिए ट्रक में बैठकर आने का पैसा देता है। ट्रक में पेपर की रील लदी हुई थी। जिसकी बिल्टी चालक के पास है। कहीं पर भी मामले की जांच होने पर वह ट्रक पर लदे सामान की बिल्टी दिखाता था।