12 सफाई कर्मियों को बनाया अपना निशाना, 10 हजार में बेचते थे खाता
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर वेस्ट थाना पुलिस ने जन धन योजना के नाम पर बैंक खाता खुलवाने और उसमें सरकार की ओर से हर माह सात हजार रुपये आने का लालच देकर 12 सफाई कर्मियों के साथ धोखाधड़ी की है।
इस बात का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित अपने खाते में सात हजार देखने गए और उसमें लाखों रुपये का ट्रांजक्शन मिला। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी जीजा और साले को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। जहां पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है। सेक्टर 10 क्षेत्र के कुछ सफाई कर्मचारियों ने बताया कि उनके पास काम के दौरान दो युवक संपर्क में आए। जिन्होंने उन्हें जन धन योजना के तहत बैंक खाता खुलवाने की बात कही। साथ में कहा कि खाता खुलने पर उनके खाते में हर माह सात हजार रुपये भी आएंगे। आरोपियों ने उनसे बैंक खाता डिटेल लिया। जब वह अपने खाते में पैसा चेक करने गए तो पता चला कि इसमें लाखों रुपये का लेन देन हुआ है।
साइबर वेस्ट थाना पुलिस की टीम ने जांच अधिकारी भगत के नेतृत्व में छानबीन के बाद हंस एंक्लेव में रहने वाले साहुन और उसके साले अजरुद्दीन निवासी पुन्हाना को गिरफ्तार किया। दो दिन की पुलिस रिमांड के दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि वह इन बैंक खाते को 10 हजार रुपये में राजस्थान के भरतपुर के साइबर ठग को बेचते थे।
वर्जन
साइबर वेस्ट थाना पुलिस ने जन धन योजना के तहत खाता खुलवाकर धोखे से बैंक खाता बेचने वाले दो लोगों को दबोचा है। पुलिस को मास्टरमाइंड की तलाश है। - प्रियांशु दीवान, एसीपी साइबर, गुरुग्राम।