जीएमडीए और जीएमआरएल के अधिकारियों की हुई महत्वपूर्ण बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के अधिकारियों के बीच मेट्रो कॉरिडोर से जुड़े प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेट्रो निर्माण के साथ भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की गई। इसमें चौक पर अंडरपास बनाने के विकल्पों पर विचार किया गया।
जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेट्रो के अधिकारियों ने इस पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने मेट्रो कॉरिडोर के विभिन्न जंक्शनों पर ट्रैफिक मूवमेंट का आकलन किया और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए संभावित इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से हीरो होंडा चौक तक पड़ने वाले प्रमुख जंक्शनों को प्राथमिकता में रखा गया। बैठक में विशेष रूप से अंडरपास निर्माण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि प्रमुख चौराहों पर अंडरपास बनने से ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने का समय कम होगा और वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी।
इस कॉरिडोर में सेक्टर 30 व 31 का चौक, सेक्टर 44 व 45 चौक समेत अन्य जंक्शनों पर यातायात बेहतर करने पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि जीएमडीए इन जगहों पर अंडरपास निर्माण पर काम कर सकता है। अधिकारियों ने कहा कि गुरुग्राम में तेजी से बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए मेट्रो कॉरिडोर के साथ सड़क अवसंरचना को भी मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बनाकर चरणबद्ध तरीके से परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। इस मौके पर मुख्य अभियंता हेमंत कुमार, एसई फैजल इब्राहिम, कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा, जीएमआरएल से वरिष्ठ वास्तुकार डॉ. नम्रता कालसी समेत अन्य मौजूद रहे। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर नौ तक मेट्रो का सिविल वर्क चल रहा है।