काम करने के लिए कहा तो सिर
में ईंट मारकर पिता की हत्या
लहूलुहान मिला सेवानिवृत्त रोडवेज चालक का शव, बेटा गिरफ्तार
- उद्योग विहार थाना पुलिस ने दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गांव डूंडाहेड़ा में बेटे को काम करने की नसीहत देने की कीमत पिता को जान देकर चुकानी पड़ी। गुस्साए बेटे ने बुधवार तड़के धर्मवीर यादव (65) की सिर पर ईंट से वार कर पिता की हत्या कर दी। परिजन उन्हें लहूलुहान पड़े देखकर अस्पताल लेकर लेकर चले और बेटे से पूछताछ की। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर उद्योग विहार थाना पुलिस ने अस्पताल से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले के आरोपी देवानंद उर्फ देवा को गिरफ्तार कर लिया है।
उद्योग विहार थाना पुलिस के मुताबिक, धर्मवीर यादव हरियाणा रोडवेज से सेवानिवृत्त थे। बेटा देवानंद मनोरोगी बताया जा रहा है। बुधवार सुबह देवा पिता के कमरे से बर्तन लेने गया था। पिता ने उसे कुछ काम करने की नसीहत दी। इससे गुस्साया देवा झगड़ने लगा। आरोप है कि वह पिता को धक्के मारता हुआ कमरे से बाहर ले आया और गली में पहुंचते ही गेट के पास पहले से रखी ईंट उठाकर उनके सिर व गर्दन पर वार किए। वे लहूलुहान होकर गिर गए। इसके बाद देवा पिता को वहीं छोड़कर अपने कमरे में सोने चला गया। शोर सुनकर परिजन बाहर आए तो उन्होंने धर्मवीर को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में देवा से पूछताछ की गई तो वह अपने कमरे में सोने का बहाना बनाने लगा। सख्ती दिखाते ही उसने पूरा घटनाक्रम बताकर वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।