मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट हो सकेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह जिले के गांव उजीना में सोमवार शाम एक पुराने कुएं से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शाम करीब 7 बजे ग्रामीणों ने धर्माज की जोहड़ पर स्थित सुनसान कुएं में शव देखा, जिसके बाद सरपंच प्रतिनिधि मुनेश फौजी ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गांव उजीना निवासी 32 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूंह की मोर्चरी में रखवा दिया।
परिजनों के अनुसार अंकित दिल्ली में रहकर काम करता था और करीब दो माह पहले ही गांव लौटा था। वह विवाहित था। कुएं में उसका शव मिलने से परिवार गहरे सदमे में है। सदर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है।