संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी के वार्ड 13 में 42 वर्षीय मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान बिहार के सारण निवासी परशुराम के रूप में हुई है। वह पटौदी में मजदूरी करता था और दो दिन पहले ही किराए के मकान में रहने आया था।
बृहस्पतिवार को वहां अन्य किराएदार ने शव देखा। इसके बाद उसने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव के निकट एक सल्फास की डिब्बी पाई गई। साथ ही, एक शराब का पव्वा भी मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर चौकी इंचार्ज विकास ने इस संबंध में जानकारी दी। उनके अनुसार, पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव के पास मिली सल्फास की डिब्बी और शराब के पव्वे की भी जांच की जा रही है। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।