गुड़गांव-गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर सड़ी-गली हालत में मिला शव
विज्ञापन
- मृतक की नहीं हुई पहचान, जीआरपी थाने की पुलिस ने शव काे मोर्चरी में रखवाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गढ़ी हरसरू व गुड़गांव रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के पास शनिवार को सड़ी-गली हालत में एक व्यक्ति का शव मिला। शव करीब तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है। जीआरपी थाने की पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है और फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को 72 घंटों के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। जीआरपी थाने की पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
शनिवार की दोपहर को राजकीय रेलवे पुलिस को गढ़ी हरसरू व गुड़गांव रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 32/40-42 रेलवे ट्रैक के पास शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जीआरपी थाने की पुलिस माैके पर पहुंची और एफएसएल व सीन ऑफ क्राइम की टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराकर साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक के कपड़ों में कोई दस्तावेज नहीं मिलने से पहचान नहीं हो सकी और चेहरा भी खराब हो चुका है।
जीआरपी थाने से जांच अधिकारी बाबू लाल ने बताया कि मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास की कॉलोनियों व गांवों में लोगों को मृतक फोटो दिखाई जा रही है। इसके साथ ही आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली जा ही है।