पीड़ितों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साइबर ठगों ने दो लोगों से 16.12 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पूर्व डीएलएफ फेज-एक निवासी अशोक कुमार रैना ने शिकायत में बताया कि 24 सितंबर 2026 को उनके मोबाइल पर एक लिंक आया था। उन्होंने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया तो मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उनके बैंक खाते से 14.88 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। उनका कहना है कि जिस समय खाते से रुपये निकल रहे थे तो उनके पास कोई भी मैसेज नहीं आया। कुछ देर बाद जब फोन ठीक हुआ तो उनके पास मैसेज कटने का मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने बैंक में फोन कर अपना खाता बंद कराया।
दूसरे मामले में युवक को झांसे में लेकर 1.24 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। डीएलएफ फेज-4 निवासी संजय सेठी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 सितंबर को उन्हें निवेश कर मुनाफे का लालच देकर 1.24 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत साइबर पुलिस में इसकी शिकायत दी। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।