भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताह भर चलेंगे कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 6 अप्रैल को 47वां स्थापना दिवस प्रदेश में धूमधाम से मनाएगी। पार्टी के स्थापना दिवस पर लाखों कार्यकर्ता अपने-अपने घरों और हर बूथ पर भाजपा का झंडा फहराएंगे। पार्टी का स्थापना दिवस से सप्ताह भर तक प्रदेश में कई आयोजन होंगे। इस दौरान कार्यकर्ता अभियान चलाकर प्रदेश के गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने नेताओं की जिम्मेदारी तय की हुई है।
हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ हैं और प्रत्येक बूथ पर 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक गांव चलो, बस्ती चलो अभियान चलेगा। सप्ताह भर कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद करते हुए मोदी और नायब सैनी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार डाॅ. भीम राव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर सप्ताह भर प्रदेश में अनेकों कार्यक्रम होंगे।
13 अप्रैल को आंबेडकर की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और शाम के समय दीपोत्सव का आयोजन होगा। 14 अप्रैल बाबा साहब की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसी दिन गोष्ठियां और विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 15 से 20 अप्रैल तक विचार प्रसार अभियान चलेगा। 15 अप्रैल से 15 मई तक सभी संगठनात्मक जिलों में 36 घंटों का महाप्रशिक्षण अभियान भी चलाया जाएगा। हरियाणा भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि कार्यकर्ता भाजपा के 47वें स्थापना दिवस को उत्सव की तरह मनाएंगे। गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय गुरुकमल में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा, जिमसें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया सहित वरिष्ठ नेता रहेंगे।