सिलोखरा गांव में पत्नी के घर के बाहर हुई वारदात, पिता के सिर पर भी मारा डंडा
सेक्टर-40 थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-45 स्थित ग्रीनवुड सिटी से पत्नी के मायके पहुंचे भाजपा पार्षद और उनके पिता पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। आरोप है कि पत्नी के मायके वालों के साथ पहले पहले उनकी कहासुनी हुई और फिर धारदार हथियार, हॉकी और पिस्टल के बट से हमला कर दिया। हमले में पति और उनके पिता घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सेक्टर-40 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें प्रवीन शर्मा, सतबीर शर्मा, दीपक शर्मा, दीपांकर शर्मा और पारस शर्मा शामिल हैं। मामले में पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-45 ग्रीनवुड सिटी निवासी भाजपा पार्षद प्रथम वशिष्ठ ने बताया कि पत्नी तानिया शर्मा अक्तूबर 2025 से अपने मायके में रह रहीं हैं। 12 नवंबर को पत्नी के पिता सतबीर शर्मा ने उनके पिता प्रवीण चंद्र वशिष्ठ को फोन कर बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था। शुक्रवार 13 नवंबर को प्रथम अपने पिता के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों और परिवार की महिलाओं ने पार्षद और उनके पिता पर हमला कर दिया।
प्रथम के अनुसार, आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। हमले के बाद उसका मोबाइल भी छीन लिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।