घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर बनवाएं जन्म प्रमाण पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हरियाणा सरकार की ओर से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को और आसान बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन पोर्टल https://edisha.gov.in/ शुरू किया गया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति घर बैठे ही अपने बच्चों अथवा स्वयं का जन्म प्रमाण पत्र बनवा सकता है। उपायुक्त नूंह अखिल पिलानी ने बताया कि पहले जन्म प्रमाण पत्र के लिए सरकारी कार्यालयों में जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा पूरी तरह से ऑनलाइन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र आज के समय में महत्वपूर्ण दस्तावेज है, क्योंकि यह न केवल व्यक्ति की आयु को प्रमाणित करता है, बल्कि कई परिस्थितियों में पहचान पत्र के रूप में काम में लिया जाता है। बच्चे के जन्म के 21 दिनों के भीतर यदि जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर दिया जाता है तो प्रमाण पत्र शीघ्रता से तैयार हो जाता है, जबकि अधिक समय बीत जाने पर इसे बनवाने की प्रक्रिया लंबी हो जाती है।
जन्म प्रमाण पत्र का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, आधार कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज बनवाने और स्कूल या कॉलेज में प्रवेश लेने के समय किया जाता है। उन्होंने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए माता-पिता का आधार कार्ड, पहचान पत्र, राशन कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र, बच्चे की पासपोर्ट साइज फोटो, पिता का मोबाइल नंबर, बच्चे की जन्म तिथि और जन्म स्थान का प्रमाण तथा शपथ पत्र जैसे दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने आवश्यक हैं।