गुरुग्राम। तीज पर्व से लेकर स्वतंत्रता दिवस तक लोग शहर में लगातार जमकर पतंगबाजी करते हैं। उनका यह शौक आसमान में परवाज भरने वाले परिंदों पर भारी पड़ रहा है। तीज से लेकर अब तक 40 पक्षियों के पंख चाइनीज मांझे से कट गए हैं। इसके बाद वे उड़ने से भी मोहताज हो गए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर की गई पतंगबाजी में घायल 10 कबूतरों को लोगों ने सदर बाजार स्थित पक्षी अस्पताल में भर्ती कराया है। इन सभी का इलाज चल रहा है।
शहरवासियों का पतंगबाजी का शौक बेजुबानों की जिंदगी संकट में डाल रहा है। घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कुछ पक्षियों के पंख तो कुछ के पांव काटने पड़ रहे हैं। पक्षियों का इलाज कर रहे डॉ. राजकुमार ने बताया कि पतंगबाजी के लिए प्रयोग में लाया जा रहा चाइनीज मांझा पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक है। कई बार पतंग पेड़ों व बिजली के पोल में अटक जाती है। इसमें मांझे की डोर वहीं रह जाती है। इसमें उलझकर भी पक्षी घायल हो रहे हैं।
सदर बाजार स्थित पक्षियों के इस चिकित्सालय में दिल्ली तक के पक्षी इलाज के लिए लाए जा रहे हैं। डॉ. राजकुमार ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण दिल्ली के पक्षी अस्पताल अब तक नहीं खोले गए हैं। इस कारण दिल्ली से भी चाइनीज मांझे से घायल हुए दस से ज्यादा पक्षियों को यहां लाया गया है। इनका इलाज चल रहा है।
सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद
बिक रहा है चाइनीज मांझा
सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार, देश में चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक है। बावजूद इसके शहर में खुलेआम दुकानों पर चाइनीज मांझा बिक रहा है। जिला प्रशासन की तरफ से इस पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।