कुत्ते के सामने आने से भिड़ीं बाइक, दो युवकों की मौत, दो गंभीर
सोहना-फरीदाबाद रोड पर करनकी मोड़ के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना-फरीदाबाद रोड पर करनकी मोड़ के पास सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने के कारण दो बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सोहना थाना पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस के अनुसार यूपी के फिरोजाबाद निवासी अर्जुन अपने भाई सुनील के साथ बाइक पर किसी शादी समारोह में बादशाहपुर से आगरा जा रहा था। वहीं दूसरी ओर करनकी खेडली निवासी 20 साल का नदीम अपने दोस्त परवेज के साथ सोहना जा रहा था। जैसे ही अर्जुन और उसका भाई बाइक से करनकी मोड़ पर पहुंचे तो अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। जिसके चलते अर्जुन व सामने से आ रही नदीम की बाइक का संतुलन बिगड़ गया। दोनों बाइक आपस में भिड़ गईं। हादसा इतना भीषण था दोनों ही बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बाइक चला रहे नदीम व अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परवेज व सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां पर सुनील की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही सोहना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शवों के पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।