तावडू। नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज गति और लापरवाही से ओवरटेक करते हुए कार चालक ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दोनों पैर टूट गए। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में घायल दरिया खान निवासी गांव माल्हाका तहसील तावडू ने बताया कि गत 5 नवंबर की शाम लगभग 5:30 बजे वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेत से लौट रहे थे। जैसे ही तावडू बाईपास से सोहना रोड की ओर बढ़े तो उसी दौरान एक कार ने तेज गति, लापरवाही और ओवरटेक करते हुए सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दरिया खान सड़क पर गिर पड़े और उनकी मोटरसाइकिल कार में फंस गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार को छोड़कर फरार हो गया। इस दुर्घटना में दरिया खान का दायां पैर दो जगह से और बायां पैर जांघ के पास से टूट गया।
घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और दरिया खान के पुत्र को फोन कर बुलाया। परिजन उन्हें तुरंत शहीद हसन खान मेडिकल कॉलेज नल्हड़ लेकर पहुंचे, फिलहाल हुए फरीदाबाद के अस्पताल में भर्ती है। दरिया खान ने बताया कि उपचार के चलते अब तक वह पुलिस को बयान दर्ज नहीं करा सके थे। शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।