गुरुग्राम। इफ्को चौक के समीप ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जमीन पर गिर पड़ा। ट्रक चालक उसको कुचलता हुआ निकल गया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने सेक्टर-17,18 थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
मूल रूप से दिल्ली के मालवीय नगर निवासी कैलाश चंद्र गैरा ने बताया कि अपने साढू दीनबंधु सेठी के साथ काम की वजह से सेक्टर-17, 18 पास्को बॉडी शॉप पर आए हुए थे। वह 11 बजे अपने घर लौट रहे थे। उनके साढू अपनी स्कूटी पर आगे चल रहे थे जबकि वह उनके पीछे चल रहे थे। वह दोनों दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित इफ्को चौक के फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी एक ट्रक चालक ने दीनबंधु की स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी।
ट्रक दीनबंधु के सिर को कुचलते हुए निकल गया। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मामले में जांच अधिकारी अशोक का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।