शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पटौदी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार को गंभीर चोटें आईं और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
रेवाड़ी के पहराजवास गांव निवासी जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को वह रात करीब 8.40 बजे पटौदी से पाल्हावास रोड से अपने घर जा रहा था। उसके आगे गांव का शेखर गोठवाल भी अपनी बाइक पर चल रहा था। जब वे एफएसएल वेयरहाउस के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार कार ने शेखर गोठवाल की बाइक को टक्कर मार दी। इसमें शेखर घायल हो गया। उसको उपचार के लिए पटौदी के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने शेखर को गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे मानेसर स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। कार चालक की पहचान की जा चुकी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।