- प्रॉपर्टी बेचने के लिए वेबसाइट पर कराया था पंजीकरण
- सेना का अधिकारी बनकर जालसाज ने व्हाट्सएप कॉल से किया संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेना का अधिकारी बनकर जालसाज ने वेबसाइट पर पंजीकृत कराई प्रॉपर्टी खरीदने का झांसा देकर युवती से 1.95 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवती अपनी मां के कैंसर के इलाज के लिए प्रॉपर्टी बेचना चाहती थी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गुुरुग्राम के सेक्टर-82 निवासी नेंसी श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह देहरादून से है और वहां पर उसके पास दो बीएचके की एक प्रॉपर्टी है। अपनी मां के कैंसर के इलाज के लिए वह उसे बेचना चाहती थी। इसके लिए उसने हाउसिंग डॉट कॉम में प्रॉपर्टी को पंजीकृत कराया। एक व्यक्ति ने खुद को सेना में मेजर बताकर उसकी बहन से 29 मई को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क किया। कॉल करने वाले बताया कि वह उनकी प्रॉपर्टी खरीदना चाहता है। नौ जून को जालसाज ने उसको कॉल करके कहा कि वह टोकन मनी ट्रांसफर करना चाहता है और उसने एक रुपये का रिवर्स ट्रांजेक्शन किया है। इसके बाद ठग ने कहा कि वह सेना से हैं तो उन्हें ट्रांजेक्शन दिखाना होगा। उसकी बातों में आकर नेंसी ने पहले एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसने फिर से गूगल पे से 95 हजार रुपये जालसाज को भेज दिए। कुछ समय बाद जब नेंसी श्रीवास्तव ने रुपये वापस मांगे तो जालसाज ने उसको धमकी दी। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।
-
इलाज के नाम पर एक लाख रुपये ट्रांसफर करवाए
गुरुग्राम। जालसाज ने युवक को उसके मामा के लड़के की इंस्टा आईडी से मैसेज से करके एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जालसाज ने दोस्त के पिता के अस्पताल में भर्ती होने की बात पर पैसे ऐंठे। मानेसर के आशीष सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 जून को उसके मामा के लड़के संदीप की इंस्टा आईडी से मैसेज आया था। जिसमें बताया कि उसके दोस्त के पिता अस्पताल में भर्ती हैं और पैसे की जरूरत है। आशीष सिंह ने बताए गए नंबर पर तीन ट्रांजेक्शन में एक लाख रुपये भेज दिए। संदीप से बात करने पर उसे ठगी का पता चला। साइबर अपराध थाना मानेसर ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो
पता अपडेट करने की बात कहकर खाते से 80 हजार निकाले
गुरुग्राम। जालसाज ने युवक से पता अपडेट करने की बात कहकर खाते से 80 हजार रुपये सरफराज आजल नामक ठग के अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में जालसाज के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। खेड़की दौला में किराये पर रहने वाले विनय कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 जून को उसने कूरियर आरा (बिहार) के रामपुर गांव में भेजा था। दो-तीन दिन तक कोई भी ट्रैकिंग नहीं दिखाई दी। इसके बाद एक अनजान नंबर से कॉल करने वाले ने बताया कि कूरियर की डिलीवरी के लिए पता अपडेट करना होगा। जिसके के लिए दो रुपये चार्ज देना होगा। फोन-पे से दो रुपये भेजते ही उसका मोबाइल हैंग हो गया पैसे ट्रांसफर हो गए।ब्यूरो