3 अप्रैल की रात को एक्सप्रेसवे के एग्जिट पॉइंट पर हुआ था हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-37 थाना क्षेत्र में 3 अप्रैल की रात करीब 10 बजे द्वारका एक्सप्रेसवे के एग्जिट पॉइंट पर डिवाइडर से बाइक टकराने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की सेक्टर-38 स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।
मृतक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी आकाश उर्फ गोलू (18) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गुरुग्राम के गांधी नगर में रहता था। वह 3 अप्रैल की रात को दो दोस्तों के साथ दो बाइकों से बसई से गांधी नगर की ओर आ रहा था। एक बाइक पर आकाश अकेला सवार था। रात करीब 10 बजे जब वह मोहम्मदपुर झाड़सा के पास द्वारका एक्सप्रेसवे के एग्जिट पाॅइंट से निकलने लगा तो बाइक डिवाइडर से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही आकाश के परिवार वाले उसे निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी एएसआई दिनेश दहिया ने बताया कि बाइक डिवाइडर से टकराने पर युवक की मौत हुई है। जांच में सामने आया है कि युवक ने शराब पी रखी थी। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।