गुरुग्राम। नशा मुक्ति के लिए लोगों को घर-घर जाकर जागरूक किया जा रहा है। साथ ही उन्हें निशुल्क इलाज भी दिया जा रहा है। यह अभियान बाल कल्याण परिषद द्वारा चलाया जा रहा है। पालम विहार स्थित आउट रीच एंड ड्रॉप इन सेंटर के तहत कर्मचारी बस्तियों में जाकर सीधे लोगों से संपर्क कर रहे हैं। बीते दो माह के भीतर 1 हजार से ज्यादा लोगों को इलाज दिया गया है। यहां लोगों को चिकित्सीय परामर्श, दवाइयां, बेड की सुविधाएं नि:शुल्क दी जाती हैं। लोगों को बीड़ी, सिगरेट, चरस गांजा, शराब व अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाता है।
जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आउट रीच एंड ड्रॉप इन सेंटर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि नशा करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ इसका दुष्प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। इस अभियान के दौरान लोगों को नशा छोड़ने के साथ युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
केंद्र में हैं तीन वर्कर
पालम विहार स्थित आउट रीच एंड ड्रॉप इन सेंटर में लोगों से सीधे संपर्क करने के लिए तीन आउट रीच वर्कर्स हैं। ये वर्कर्स दिनभर बस्तियों में जाकर लोगों को जागरूक करते हैं। नशे के आदी व्यक्तियों को केंद्र पर काउंसलर के संपर्क में रखा जाता है। अधिक गंभीर मरीजों के इलाज के लिए केंद्र पर चिकित्सक भी मौजूूद रहता है।