घामड़ोज में देखा गया बारहसिंगा। सोशल मीडिया
सोहना के घामड़ोज गांव में कई दिनों से नजर आ रहा दुर्लभ वन्यजीव, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर की अरावली पहाड़ियों में लंबे समय बाद बारहसिंगा देखा गया है। सोहना के घामड़ोज गांव की पहाड़ी में पिछले कई दिन से इसकी मौजूदगी है। ग्रामीणों ने इसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। सूचना पर वन विभाग ने एक टीम गठित की है। यह टीम पहाड़ी क्षेत्र में जाकर बारहसिंगा की मौजूदगी की पुष्टि करेगी।
ग्रामीणों के अनुसार वन्यजीव ने किसी पर हमला नहीं किया। वह लोगों की मौजूदगी से विचलित भी नजर नहीं आया। इसके बावजूद वन विभाग ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। इसी पहाड़ी क्षेत्र में कुछ दिन पहले मादा तेंदुआ दो शावकों के साथ दिखी थी। इससे ग्रामीणों में वन्यजीवों को लेकर चिंता है। वर्ष 2021 में रेवाड़ी की अरावली पहाड़ियों में भी बारहसिंगा दिखा था। अब घामड़ोज क्षेत्र में इसकी आवाजाही शुरू हो गई है।
सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों से संपर्क किया गया है। बारहसिंगा की मौजूदगी की पुष्टि के लिए टीम पहाड़ी क्षेत्र में जांच करेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और वन्यजीव के नजदीक जाने या उसे परेशान करने से बचें। -खजान सिंह, वन रेंजर, सोहना