गुरुग्राम। जिले की मंडियों में कोरोना महामारी की रोकथाम के उपायों के बीच आगामी एक अक्तूबर से बाजरे की फसल की खरीद प्रक्रिया शुरू होगी। बाजरे की खरीद जिले की सोहना, फर्रुखनगर, पटौदी, हेलीमंडी व खोड़ मंडी में होगी। यह जानकारी जिला उपायुक्त अमित खत्री ने दी। उन्होंने बताया कि मंडियों में आने वाले किसानों को गेट पास के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। गेट पास किसान मंडी में आने पर गेट से प्राप्त कर सकता है। मंडियों में 2150 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बाजरे की खरीद होगी। मंडियों में केवल ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की ही फसल की खरीद की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए किसानों को एक साथ मंडी में एकत्र नहीं होने दिया जाएगा। किसानों को बारी-बारी से फसल लेकर मंडी में बुलाया जाएगा। पंजीकृत किसानों को निर्धारित शेड्यूल अनुसार ही बाजरे की फसल बेचने के लिए मंडी में आने के संबंध में एक दिन पहले सूचना दी जाएगी। मंडियों में खरीद का कार्य दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट में प्रात: आठ बजे से दोपहर दो बजे तक और दूसरी शिफ्ट में दोपहर ढाई बजे से शाम छह बजे तक खरीद का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए मंडियों में फेस मास्क, सैनिटाइजर सहित कोरोना की रोकथाम की शर्तों का गंभीरता से पालन करवाया जाएगा। किसानों की एंट्री गेट पर थर्मल स्कैनिंग की जाएगी।