रात के समय लाइट नहीं जलने के कारण हादसे का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। बजघेड़ा चौक अंडरपास की हालत कई दिनों से जर्जर बनी हुई है। अंडरपास में सरिया बाहर निकली हुई है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। यहां से रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार रात के समय लाइट भी नहीं जलती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की हालत रोजाना खराब होती जा रही है। इस पर प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। बारिश के समय जलभराव के कारण समस्या और भी गंभीर हो जाती है। जल्द से जल्द अंडरपास की मरम्मत कराने की मांग की है।
-कोट्स
अंडरपास में रात को लाइट नहीं जलने से आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार सामने से आने वाली गाड़ी भी नहीं दिखाई देती, जिससे हादसे का डर बना रहता है। -अक्षय कुमार, न्यू पालम विहार
बजघेड़ा अंडरपास में लोहे की सरिया बाहर निकली हुई है, जो आम नागरिकों के लिए खतरा बन चुकी है। रोजाना सैकड़ों वाहन चालक इस मार्ग से गुजरते हैं। -सीमा नैन, अधिवक्ता सेक्टर-110
राहगीरों को आवाजाही करने में परेशानी होती है। प्रशासन से मांग है कि बजघेड़ा अंडरपास का निरीक्षण कर सरिया को हटाया जाए या मरम्मत की जाए। -मृदुल, न्यू पालम विहार
वर्जन-
कई बार जीएमडीए को पत्र दिया गया है, जिस पर जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन मिला है। -राम अवतार राणा, वार्ड-5, पार्षद