संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेना का अधिकारी बनकर मोटरसाइकिल बेचने के नाम पर ठगी करने के आरोपी की जमानत याचिका जिला अदालत ने खारिज कर दी है। साइबर क्राइम पूर्व में तैनात हेड कांस्टेबल की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
हेड कांस्टेबल ने शिकायत में बताया था कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की एप पर संदिग्ध साइबर ठगी करने वाले के नंबर की लोकेशन आई थी। उस नंबर के खिलाफ साइबर ठगी की कई शिकायत दर्ज थीं। लोकेशन सेक्टर-14 की आई तो टीम मौके पर पहुंचकर मुबाहिद से पूछताछ की। इसके बाद उसे अपने साथ वह थाने में ले आए। वहां पर पूछताछ में पता चला कि वह ऑनलाइन बेचने के लिए डाली गई मोटरसाइकिल की फोटो लेकर एक फर्जी आईडी बनाकर लोगों से संपर्क करता था। वह लोगों से कहता था कि वह आर्मी में तैनात है। अलग-अलग जाना होता है तो इसके लिए वह मोटरसाइकिल को बेच रहा है।
वह एप से आरसी की फोटो में बदलाव कर लेता था। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी।