छपेड़ा स्कूल में पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
फोटो: जागरुकता शिविर में बच्चों को कानूनी जानकारी देते पैरा लीगल वालेंटियर।
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले के गांव छपेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) नूंह के तत्वावधान में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सह-सचिव एवं चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट नेहा गुप्ता के मार्गदर्शन में युवा एकता टीम चैरिटेबल ट्रस्ट तथा पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) नीरज कुमार और रजनी द्वारा किया गया।
शिविर में पीएलवी नीरज कुमार ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है। वहीं पीएलवी रजनी ने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच की पहचान सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाई तथा किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को देने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान युवा एकता टीम चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष नीरज रामपाल और राजपाल ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रोमिला ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जागरूकता शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कानूनी अधिकारों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश ग्रहण किया।