परिषद में ऑडिटोरियम के लिए जगह चिन्हित करने की चल रही कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम (एससीईआरटी) में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से ऑडिटोरियम बनाने के लिए बजट की अनुमति मिल चुकी है। ऑडिटोरियम बनाने के लिए लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। यह ऑडिटोरियम हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (एचएसएसपीपी) की ओर से समग्र शिक्षा अभियान के तहत बनाया जा रहा है।
ऑडिटाेरियम बनाने के लिए एससीईआरटी परिसर में ही जगह को चिन्हित किया जा रहा है, ताकि ऑडिटोरियम के साथ कमरें, कार्यालय, शौचालय सहित वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। सोमवार को एसएसए की ओर से अधिकारी जमीन चिन्हित करने संबंधित कार्य कर रहे थे। इसके साथ ही ऑडिटोरियम के संदर्भ में बैठक करके चर्चा भी की गई। एससीईआरटी के उप निदेशक सुनील बजाज ने बताया कि ऑडिटोरियम के लिए जगह को जांचा जा रहा है। ऑडिटोरियम के लिए नक्शा तैयार किया जा रहा है। जगह चिन्हित होने और फाइनल नक्शा तैयार होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एससीईआरटी से आरके पुनिया, एसएसए के अमरीश शर्मा भी उपस्थित रहे।