गुरुग्राम। दुल्हेंडी की देर रात को देवीलाल कॉलोनी में स्कार्पियो में सवार दो युवकों ने पहले धार्मिक स्थल का गेट खोलने की कोशिश की, जब आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें गेट खोलने से रोका तो एक युवक ने गोली चला दी। आरोप है कि युवकों ने वहां से जाते हुए धमकी भी दी कि इमाम किसी भी कीमत पर नहीं बचेगा। आस-पास रहने वालों की शिकायत पर सेक्टर-9ए थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। केस दर्ज करने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही स्कार्पियो गाड़ी भी बरामद की गई। गिरफ्तार हुए युवक की पहचान देवीलाल कॉलोनी निवासी गौरव (31) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कॉलोनी निवासी इरफान खान ने शिकायत में बताया कि वह सोमवार रात को करीब सवा 10 बजे अब्दुल हाफिज, कदीर खान, शहजाद और इमरान के साथ धार्मिक स्थल के बाहर बाहर गली में खड़े थे। उसी दौरान एक काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी गली में आकर रुकी। गाड़ी में से दो युवक बाहर आए और धार्मिक स्थल के गेट को जबरदस्ती खोलने की कोशिश करने लगे। आवाज सुनकर वह सभी वहां पर पहुंचे और उनसे पूछने लगे। उनका आरोप है कि अचानक से एक युवक ने उन पर गोली चला दी। उनका आरोप है कि वह भागने लगे तो उन पर एक और गोली चलाई गई। इसके बाद वहां से जाते हुए युवकों ने धमकी दी कि आज तुम बच गए । दोबारा से आएंगे, तुम्हारा इमाम नहीं बचेगा।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस को मौके से एक खोल भी बरामद हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में युवक हवा में गोली चलाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था। सेक्टर-9 ए थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि दूसरे आरोपी की पहचान हो गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरे आरोपी ने गोली चलाई थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी धार्मिक स्थल की ओर जाते हुए दिखाई दिए हैं।