बाइक सवार दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-56 थानाक्षेत्र में सोमवार की देर शाम कार सवार एक युवती का पीछा करके अपहरण का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती नौकरी करती है। पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में दो नामजद युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
23 वर्षीय एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह निजी कंपनी में काम करती है और सोमवार की देर शाम को वह कार में सवार होकर सेक्टर-55 की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने उसकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। बाइक सवार युवकों ने उसकी कार को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन जब उसने कार नहीं रोकी तो बाइक सवार युवकों ने उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। युवती ने आरोप लगाया है कि युवकों ने उसको कार से बाहर खींचकर अपहरण करने का प्रयास भी किया। शोर मचाने पर राहगीर व आसपास के लोग एकत्रित होने लगे तो दोनों युवक भाग गए। सेक्टर-56 थाने से निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।