नूंह। नूंह जिले के देवला नंगली स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर 14 मई को नौवीं कक्षा के एक छात्र को कथित तौर पर जबरन उठाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र के नाना ने जयसिंहपुर पुलिस चौकी में शिकायत देकर छात्र के दो सगे मामाओं और सरपंच परिवार के दो सदस्यों सहित चार लोगों पर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी कई दिनों से छात्र का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि घटना वाले दिन छात्र जब स्कूल के बाहर पानी पीने गया तो आरोपियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। छात्र के शोर मचाने पर स्कूल स्टाफ और अध्यापक मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद छात्र ने प्रिंसिपल को पूरी जानकारी दी। प्रिंसिपल ने तुरंत डायल-112 पर कॉल की। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने छात्र को धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद