14वीं हरियाणा राज्य यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सोनीपत के राई स्थित खेल विश्वविद्यालय में आयोजित 14वीं हरियाणा राज्य यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के एथलीटों ने तीन पदक अपने नाम किए। आरटीसी भोंडसी की इशिका ने अंडर-18 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण और 200 मीटर में रजत पदक जीता। वहीं हयातपुर निवासी जेम्स राव ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।
100 मीटर दौड़ इशिका ने 12.68 सेकंड और 200 मीटर दौड़ 25 सेकंड में पूरी की। वहीं 400 मीटर दौड़ जेम्स राव ने 49.27 सेकंड में पूरी की। प्रशिक्षक दीपक राठी ने बताया कि इशिका लगातार मेहनत कर रही हैं और प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की है। जेम्स ने भी 400 मीटर में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इशिका और जेम्स ने कहा कि स्वर्ण पदक जीतकर काफी अच्छा लगा। इस प्रतियोगिता के लिए हमने नियमित अभ्यास किया था। हमारा लक्ष्य आने वाली प्रतियोगिताओं में अपने प्रदर्शन को और बेहतर करना है।