यमुना सिटी/ग्रेटर नोएडा। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय सहायक उपकरण वितरण शिविर लगाया गया। 27 और 28 नवंबर को दादरी और दनकौर विकासखंड के बच्चों के लिए शिविर आयोजित किया गया। इसमें 150 दिव्यांग बच्चों को 225 सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर कंपोजिट स्कूल सादोपुर, दादरी और दनकौर में लगाया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी पोप सिंह और जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अरविंद पाठक ने शिविर के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने शासन की योजनाओं के बारे में भी बताया। वितरित उपकरणों में 36 व्हीलचेयर, 32 हियरिंग एड, 20 रोलेटर, 10 बैसाखी, सात ट्राईसाइकिल, सात ब्रेल किट, छह कैलिपर्स, चार सीपी चेयर और दो सुगम्य केन शामिल हैं। इसके अलावा 106 टीएलएम किट भी वितरित की गईं। इस दौरान विशेष शिक्षक संदीप कुमार मौर्य, अनिल कुमार, अन्य शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। ब्यूरो