पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र में मजदूरी के पैसे मांगने पर एक युवक से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव चांदहट निवासी विरेन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अशोक नामक व्यक्ति के घर पुताई का काम किया था, जिसके बदले उसके 7 हजार रुपये बकाया थे। आरोप है कि 15 अप्रैल की सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच जब वह अपने पैसे लेने जा रहा था तभी रास्ते में ही अशोक मिला। इस दौरान आरोपी ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित भी किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद उसने पुलिस में शिकायत दी और मेडिकल जांच करवाई, जिसमें उसके शरीर पर चार चोटें पाई गईं। पुलिस द्वारा मामले की तस्दीक के लिए दोनों पक्षों को नोटिस दिया गया, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और जांच के दौरान शिकायत को सही पाया। चांदहट थाना पुलिस ने आरोपी अशोक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी डीएसपी नरेंद्र खटाना को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।