डायल-112 पर नहीं उठाई गई कॉल, राहगीरों ने भी नहीं की मदद, साथी एएसआई को कॉल करके बुलाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 थाना क्षेत्र में मौलसरी रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार एएसआई घायल हो गए। घायल एएसआई ने डायल-112 पर कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने भी घायल पुलिसकर्मी की मदद नहीं की। ऐसे में उन्होंने अपने साथी एएसआई सतिंद्र सिंह को कॉल करके बुलाया। हादसे में एएसआई के पैर में फ्रैक्चर आया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि स्कूटी को टक्कर मारने वाली बाइक के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
एएसआई देशराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दिल्ली के रजोकरी में रहते हैं और गुरुग्राम पुलिस में एएसआई के पद पर तैनात हैं। वे 21 जून की सुबह रजोकरी से गुरुग्राम आ रहे थे। सुबह करीब 6 बजे वे एंबियंस मॉल से आगे सर्विस लेन से मौलसरी रोड डीएलएफ फेज-3 की ओर मुड़ने वाले थे इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और वे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने डायल-112 पर कॉल की तो वहां पर उनकी कॉल रिसीव नहीं हो पाई जिसके बाद उन्होंने अपने साथ एएसआई सतिंद्र सिंह को कॉल कर हादसे के बारे में बताया। उनके साथी मौके पर पहुंचे व उनको निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। घायल की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ 22 जून को डीएलएफ फेज-3 थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।