कैंसर पीड़ित महिला के बाल खींचने का भी आरोप
पीड़ित दंपती ने लिखित रूप से एसीपी को दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना शहर थाने में तैनात एक एएसआई पर दंपती से मारपीट करने और कैंसर पीड़ित महिला के बाल खींचने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित दंपती ने इस मामले की शिकायत लिखित रूप से सोहना एसीपी को दी है। फिलहाल एसीपी इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
जिला नूंह के गांव रहेड़ा निवासी नदीम को करीब चार दिन पहले बाइक चोरी मामले में पूछताछ के लिए सोहना शहर थाने बुलाया गया था। नदीम अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी अनीशा को झज्जर से दवाई दिलाने के बाद थाने पहुंचा। उसने पत्नी को थाने के बाहर बिठा दिया और खुद अंदर एएसआई से मिलने चला गया।
नदीम का आरोप है कि पूछताछ के दौरान एएसआई ने उसे डंडे से पीटा। जब उसकी पत्नी बीच-बचाव करने आई तो पुलिसकर्मी ने उसके बाल पकड़ लिए और मारपीट की। इसके बाद घायल नदीम सोहना के नागरिक अस्पताल में भर्ती हो गया और घटना की शिकायत एसीपी को सौंप दी।
इस पूरे मामले पर सोहना शहर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि दंपती द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। उनका कहना है कि नदीम को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था और मामले की जांच एसीपी स्तर पर चल रही है।