हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम सौंपा मांग पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। क्षेत्र के उप मंडलीय स्वास्थ्य केंद्र में आशा वर्कर्स ने सोमवार को सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन सीआईटीयू के उपाध्यक्ष कामरेड सतबीर व पुष्पा जिला कमेटी मेंबर फर्रुखनगर सीएचसी की अध्यक्षता में किया गया। प्रदर्शन के दौरान एसएमओ फर्रुखनगर के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री व मिशन निदेशक एनएचएम के नाम मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र के माध्यम से आशा वर्कर्स ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पानीपत में हटाई गई आशा वर्कर्स को तुरंत प्रभाव से पद पर वापस लिया जाए। जिन आशा वर्करों के अभी तक आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड नहीं बनाए गए हैं, उन आशा वर्कर्स के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। सभी प्रकार के ऑनलाइन डाउनलोड करने पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाए।
राज्य सरकार के आदेश के बाद भी जिला अस्पताल में आशा रेस्ट रूम नहीं बनाए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत आशा द्वारा बनवाए गए कार्डों के मानदेय तुरंत दिया जाए। इसके अलावा वर्ष-2018 के बाद से आशा वर्कर्स पर काम का बोझ बढ़ा है, लेकिन पिछले पांच साल से कोई मानदेय की बढ़ोतरी नहीं हुई है।
आशा वर्कर्स को ईएसआई/पीएफ और रिटायरमेंट सुविधा समेत सभी सामाजिक सुरक्षा लाभ दिए जाएं। अनुभव और योग्यता के आधार पर आशा वर्कर्स की पदोन्नति की जाए सहित अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। आशा वर्कर्स ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी मांगे जल्द से जल्द पूरी की जाएं। अन्यथा वह सभी आशा वर्करों से मुलाकात कर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर हो सकते हैं। इस दौरान सीएचसी फर्रुखनगर के सभी पीएचसी सेंटर की आशा वर्कर्स व यूनियन नेता मौजूद रहीं।