संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण देने की योजना बनाई जा रही है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा की ओर से जल्द ही इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी हो सकते हैं। निर्देश जारी होने के बाद शैक्षणिक सत्र 2023-24 में छात्राओं को साइकिल, स्कूटी व मोटरसाइकिल चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गुरुग्राम की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी ने राजकीय महिला आईटीआई को कई साल पहले लगभग 10 साइकिल, पांच स्कूटी व तीन मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई थीं। इसके लिए महिला आईटीआई संस्थान के पिछले हिस्से में दोपहिया वाहन का प्रशिक्षण देने के लिए ट्रैक भी बनाया गया था। जहां पर छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा था।
कोरोना महामारी के दौरान दोपहिया वाहन निर्माता एक कंपनी ने स्कूटी व मोटरसाइकिल को वापस ले लिया था। अब नए शैक्षणिक सत्र से छात्राओं को दोबारा दोपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण देने की तैयारी है। विभाग की ओर से निर्देश जारी होने के बाद संबंधित कंपनी से संपर्क किया जाएगा, ताकि संस्थान को दोपहिया वाहन दोबारा उपलब्ध कराए जा सकें। जिन छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाना नहीं आता है उन्हें पहले साइकिल चलाना सिखाया जाएगा।
वर्जन
आईटीआई की छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण दोबारा शुरू करने की योजना है। संस्थान में वाहनों की व्यवस्था होने के बाद प्रशिक्षण दिया जाएगा। दोपहिया वाहन चलाना सिखाने के साथ ही छात्राओं को रोड सेफ्टी और यातायात नियमों का पालन करने का पाठ भी पढ़ाया जाएगा।
- जेपी यादव, प्राचार्य, राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-14, गुरुग्राम।