वाइन शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई मारपीट की घटना, सेक्टर-53 थाने में दी लिखित शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-53 थाना में रविवार की सुबह करीब आठ बजे जी-टाउन वाइन शाॅप खुलते ही फॉर्च्यूनर में सवार होकर आए एक युवक ने सेल्समैन के साथ मारपीट की। वाइन शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों में मारपीट की घटना कैद हो गई। पीड़ित ने मारपीट मामले में एक लिखित शिकायत सेक्टर-53 थाने में दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सेल्समैन के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। रविवार की सुबह 8.10 बजे सेक्टर-53 स्थित जी-टाउन वाइन शाॅप खुलते ही फॉर्च्यूनर में सवार होकर एक युवक अंदर आया। वीडियो में सेल्समैन कंबल ओढ़कर जमीन पर सो रहा था और युवक ठेके के अंदर घुसकर सेल्समैन को उठाता है। दोनों के बीच कुछ बातचीत भी होती दिखाई दे रही है। सेल्समैन के उठते ही युवक ने उसका हाथ व कॉलर पकड़कर कई थप्पड़ भी मारे। इसी दौरान एक व्यक्ति आकर बीच बचाव कराने लगता है।
पीड़ित सेल्समैन विपिन सिंह ने सेक्टर-53 थाने में रोनिक के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। आरोप लगाया है कि युवक रोनिक अकसर वाइन शाॅप पर आकर फ्री में बीयर व शराब की मांग करता है। विपिन सिंह ने पुलिस को बताया कि रोनिक पहले भी कई बार वाइन शॉप में आकर दुर्व्यवहार कर चुका है।
सेल्समैन विपिन सिंह की शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज की है। मामले की जांच में शामिल होने के लिए रोनिक को नोटिस भेजकर बुलाया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। - अजय, पीएसआई, जांच अधिकारी