हवा चलने से एक्यूआई में हल्की गिरावट, जहरीली हवा से राहत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में आंशिक सुधार हुआ है, लेकिन वायु गुणवत्ता अब भी खतरनाक श्रेणी में बनी हुई है। शनिवार को शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 345 दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के 368 के मुकाबले 23 अंक कम है। सुधार के बावजूद शहरवासियों को जहरीली हवा से राहत नहीं मिली है।
आंकड़ों के अनुसार, ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र शनिवार को सबसे प्रदूषित रहा, जहां एक्यूआई 399 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी (400+) के बेहद करीब है। इसके अलावा टेरी ग्राम में 357 और सेक्टर-51 में एक्यूआई 329 रहा, जिससे इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। विकास सदन में प्रदूषण का स्तर 294 रहा, जो अन्य केंद्रों की तुलना में कम होने के बावजूद सेहत के लिए काफी चिंताजनक है।
लगातार बनी हुई इस खराब हवा के कारण गुरुग्राम के नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलें बढ़ रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार, वायु प्रदूषण के इस स्तर के चलते लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी, आंखों में तेज जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।