यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए डिपो प्रबंधन ने चलाई 30 अतिरिक्त रोडवेज बसें
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दीपावली त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए गुरुग्राम डिपो प्रबंधन ने आगरा, मुरादाबाद, अलीगढ़, हरिद्वार और चंडीगढ़ सहित कई रूटों पर 30 अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाई हैं।
बस अड्डे पर यात्रियों की अत्यधिक संख्या के कारण सीटों के लिए होड़ मची रही और कई लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। काउंटर पर आते ही बसें तुरंत फुल हो गईं, जिसकी वजह से प्रबंधन को उन्हें निर्धारित समय से पहले ही रवाना करना पड़ा। इससे तय समय पर पहुंचे यात्रियों को बस छूटने के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, यात्रियों की सुविधा और रूट की सही जानकारी देने के लिए पूछताछ केंद्र और परिसर में रोडवेज कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
-
जिन रूटाें पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से मांग की जाती है, उन रूटों पर अतिरिक्त रोडवेज बसें भेजी गई हैं। रोडवेज कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को रूटों पर जाने वाली बसों के बारे में जानकारी दी जा रही है, ताकि वे अपने गंतव्य की बस में सफर कर पाएं। - प्रमोद नांदल, ट्रैफिक मैनेजर (टीएम), गुरुग्राम बस डिपो