-इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग ट्रेड्स में मिलेगा दाखिला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) में सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इस बार इंजीनियरिंग व गैर-इंजीनियरिंग ट्रेड्स में प्रवेश ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से होगा।
संस्थान के प्रधानाचार्य रविंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन प्रक्रिया जून 2026 में शुरू होगी। छात्र हरियाणा आईटीआई एडमिशन पोर्टल www.admissions.itiharyana.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। दाखिले से संबंधित विवरण पत्रिका, संस्थानों की सूची, ट्रेड्स व सीट मैट्रिक्स और अन्य जरूरी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आरक्षण प्रमाण पत्र, स्थायी निवासी प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करने होंगे। इसके साथ व्यक्तिगत ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, परिवार पहचान पत्र और आधार नंबर अनिवार्य रहेगा।
संस्थान प्रशासन ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।