संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब बोर्ड परीक्षाओं के आवेदन पत्र में अपार आईडी को दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया है। केवल वही विद्यार्थी परीक्षा परिणाम के पात्र होंगे, जिनकी अपार आईडी आवेदन पत्र में दर्ज होगी।
शिक्षा बोर्ड ने सभी सरकारी, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। अपार आईडी विद्यार्थियों को एक स्थायी पहचान संख्या के रूप में दी जाती है, जिससे उनकी पूरी शैक्षिक यात्रा का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। इसमें परीक्षा परिणाम, स्कूल छोड़ने की जानकारी, छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षिक गतिविधियां शामिल होंगी।
अधिकारियों के मुताबिक, पहले आवेदन पत्र केवल कागजी रूप में सीमित रहते थे, जिससे परिणामों में गुम होने या न मिलने जैसी समस्याएं आती थीं। अब अपार आईडी से यह प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित होगी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों की अपार आईडी नहीं बनी है, उन्हें स्कूल स्तर पर शीघ्र आईडी बनाने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बिना विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।